राहुल, खड़गे के बाद उज्जैन दुष्कर्म मामले पर प्रियंका भी बोलीं- मध्य प्रदेश में 20 साल का कुशासन तंत्र

Estimated read time 1 min read

भगवान महाकाल की नगरी उज्जैन में 12 साल की बच्ची के साथ हुए दुराचार पर कांग्रेस हमलावर हो गई है। राहुल गांधी, कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे के बाद अब प्रियंका गांधी ने भी मध्य प्रदेश सरकार पर जबरदस्त हमला बोला है। प्रियंका ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि भाजपा के 20 साल के कुशासन तंत्र में बच्चियां, महिलाएं, आदिवासी, दलित कोई सुरक्षित नहीं हैं। लाडली बहना के नाम पर चुनावी घोषणाएं करने का क्या फ़ायदा है अगर बच्चियों को सुरक्षा और मदद तक नहीं मिल सकती?

प्रियंका गांधी ने आगे लिखा कि भगवान महाकाल की नगरी उज्जैन में एक छोटी बच्ची के साथ हुई बर्बरता आत्मा को झकझोर देने वाली है। अत्याचार के बाद वह ढाई घंटे तक दर-दर मदद के लिए भटकती रही और फिर बेहोश होकर सड़क पर गिर गई, लेकिन मदद नहीं मिल सकी। ये है मध्य प्रदेश की कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा?

प्रियंका गांधी अगले महीने पांच अक्तूबर को धार जिले के मोहनखेड़ा आएंगी। वे यहां पर बड़ी रैली को संबोधित करेंगी। प्रियंका यहां मंच से उज्जैन की घटना का मुद्दा उठा सकती हैं। प्रियंका गांधी का मध्य प्रदेश का यह तीसरा दौरा है। इससे पहले वे 12 जून को जबलपुर और ग्वालियर में 21 जुलाई को आई थीं।  उज्जैन में एक 12 साल की बच्ची के साथ दुराचार करके उसे घायल अवस्था में सड़क पर छोड़ दिया गया और ये बच्ची उज्जैन की सड़कों पर और गलियों में लोगों का दरवाजा खटखटाते हुए मदद मांगती रही, लेकिन किसी ने इसकी मदद नहीं की। बच्ची बोली से प्रयागराज की बताई जा रही है। फिलहाल उसका इलाज इंदौर में चल रहा है। इधर, इस मामले में अब तक एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है और जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours