वोट की ताकत ने ही आस्था को दिलाया सम्मान : योगी

Estimated read time 1 min read

मुजफ्फरनगर । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कहा कि वोट की ताकत ने ही अयोध्या में 500 सालों के लंबे इंतजार को खत्म कर आस्था को सम्मान दिलाया है। जानसठ रोड स्थित लाला जगदीश प्रसाद स्कूल में आज प्रबुद्ध सम्मेलन में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी संजीव बालियान का समर्थन करते हुये श्री योगी ने कहा कि जब वोट वोट गलत हाथों में जाता था तो मुजफ्फरनगर आने से लोग डरते थे और अब जब सही हाथों में वोट गया तो अराजकता समाप्त हो गई। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों में भारत लगातार सही दिशा में आगे बढ रहा है और अगले तीन वर्षो में भारत विश्व की तीसरी महाशक्ति बनकर उभरेगा। उन्होंने लोगों से मतदान की अपील करते हुये कहा कि 19 अप्रैल को गर्मी, बरसात या तूफान कुछ भी हो मगर मतदान करने के लिए जरुर घरों से बाहर निकले। योगी ने अपने संबोधन की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री और किसानो के मसीहा चौधरी चरण सिंह को याद करने के साथ की। उन्होने कहा कि वे पिछले करीब 15 वर्षो से इस गीत को सुनते आ रहे थे ‘‘होली खेले रघुवीरा अवध में, होली खेले रघुवीरा’’ मगर अयोध्या राम के बिना अधूरी थी और आज वहां पर रामलाल की मूर्ति भी विराजमान है और अयोध्या में धूमधाम के साथ श्रद्धालुओं द्वारा होली खेली गयी जो आप सभी के सामने है। उक्त गाने के बोल आज साक्षात देखने को मिल रहे है क्योंकि आज स्वंय आज श्रीराम अयोध्या में विराजमान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भागवत की भूमि को दुनिया शुकतीर्थ के रूप में जानती है। शुकतीर्थ को पुराना वैभव लौटाने का काम भाजपा सरकार ने किया। जनभावना के अनुरूप काम किया। दुनिया में किसी के पास पांच हजार साल पुराना इतिहास नहीं, लेकिन मुजफ्फरनगर के पास है। चौधरी साहब को सम्मान पहले मिलना चाहिए था। पूर्व सरकारों ने उन्हें यह सम्मान नहीं दिया। देश के विकास का रास्ता गांव और खलिहान से होकर जाता है, यह बात चौधरी साहब ने ही कही थी। योगी ने कहा “ समाज के प्रबुद्ध वर्ग से मिलने आए हैं। आपका वोट सही हाथ में गया तो जनपद कांवड यात्रा के लिए पहचाना जाता है और जब वोट वोट गलत हाथों में जाता था तो मुजफ्फरनगर आने से लोग डरते थे। ही हाथों में वोट गया तो अराजकता समाप्त हो गई। पांच सौ वर्षो के बाद वोट की ताकत ने ही आस्था को सम्मान दिलाया है।” उन्होने कहा कि यूपी में अब तक 18 लाख पीएम स्वनिधि योजना में ऋण की स्वीकृति हुई है। वोट की कीमत आप लोगों केा समाज को बतानी होगी। एक तरफ फैमिली फर्स्ट और दूसरी तरफ नेशन पहले है। वे जातिवाद की बात करते हैं और मोदी गरीब कल्याण की बात करते हैं। वह तुष्टीकरण की बात करते हैं और मोदी सबका साथ सबका विकास की बात करते हैं। मोदी के हाथों में भारत की सीमाएं पूरी तरह से सुरक्षित है तथा विदेशों में भी भारत का परचम लहरा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार आने से पहले तनाव का माहौल था। सरधना में पहला खेल विश्वविद्यालय बन रहा है। अब किसी बेटी पारुल चौधरी को अभ्यास में मुश्किलें नहीं होगी। खिलाड़ियों को नई सुविधाएं दी जाएंगी। बेटी, व्यापारी और किसान की सुरक्षा में कोई सेंध नहीं लगा पाएगा। योगी ने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस के लोग अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण नहीं करा पाते। नए भारत में आजीविका और आस्था भी है। उन्होने कहा कि आज भारत सही दिशा में आगे बढ़ चुका है। पिछले दो महीने के अंदर अयोध्या में 1.5 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। भाजपा सरकार आने से पूर्व उत्तर प्रदेश में अपराध के कारण पलायन हो रहा था परंतु भाजपा सरकार आने पर देश व प्रदेश में कानून का राज कायम हुआ है तथा व्यापारी, बहू-बेटियां आज पूरी तरह से सुरक्षित है। इस अवसर पर बोलते हुए प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि शुकतीर्थ परिषद का गठन कर शुकतीर्थ विकास का नया रास्ता सरकार द्वारा खोला गया है। उन्होंने जिले में आगमन पर मान्य मुख्यमंत्री का अभिनंदन व स्वागत भी किया गया। कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने बोलते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने किसान नेता चरण सिंह को भारत रत्न देकर किसानांे का सम्मान बढाया है। भाजपा प्रत्याशी व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने कहा कि केंद्र सरकार की विकास योजनाओं का लाभ पूरे प्रदेश व देश को निःस्वार्थ मिल रहा है। प्रदेश में मुख्यमंत्री के दिशा निर्देशन में कानून व्यवस्था सुदृढ हुई है तथा परिवारवाद और भ्रष्टाचार से मुक्ति मिली है। सभा को सतेंद्र सिसौदिया, तरसपाल मलिक पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष, पूर्व विधायक उमेश मलिक, पूर्व सांसद राजपाल सैनी, भाजपा के मेरठ जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा, रालोद विधायक दल के नेता राजपाल बालियान आदि ने सम्बोधित किया।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours