जनता भी जानती है, आयेंगे तो मोदी ही: योगी

Estimated read time 1 min read

वर्धा । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि भारत को पहचान, सुरक्षा, सम्मान और समृद्धि दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले श्री नरेन्द्र मोदी को 2024 लोकसभा चुनाव के जरिये लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प जनता ले चुकी है। उन्होंने यहां एक चुनावी जनसभा में कहा, “ उत्तर-दक्षिण, पूरब-पश्चिम हर ओर पूरे देश में एक ही भाव है। आजादी के बाद संभवतः यह पहला आम चुनाव है, जिसके परिणाम के बारे में जनता अवगत है कि आयेंगे तो मोदी ही। दस वर्ष में मोदी जी ने भारत को पहचान, सुरक्षा, सम्मान, समृद्धि दी है, गरीब कल्याण के अनेक कार्यक्रम किये हैं। इन्हें ध्यान में रखकर विश्वास से कह सकता हूं, कि फिर से आयेंगे तो मोदी ही। ” सांसद एवं भाजपा प्रत्याशी रामदास चंद्रभांजी के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुये उन्होंने कहा कि देश की आजादी का नेतृत्व करने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने वर्धा की इस पावन धरा को अपनी कर्मभूमि बनाया था। यहां के जरिये उस समय देश के अंदर विदेशी हुकुमूत के चूलों को हिलाने के लिये जो अभियान प्रारंभ किया गया था, महाराष्ट्र की जनता ने उसके जरिये भारत की स्वाधीनता को नयी ऊंचाइयां प्रदान करने में योगदान दिया। योगी ने कहा कि लोग गर्व से मानते हैं कि भारत दुनिया का सिरमौर है, लेकिन 2014 के पहले ऐसा नहीं था। पहले दुश्मन देश भारत की सीमाओं में घुसते थे। सीमाओं का अतिक्रमण होता था। सरकारें आंखें बंद कर लेती थीं, पर अब ऐसा नहीं होता। चार दिन पहले ब्रिटेन का प्रतिष्ठित समाचार पत्र ‘द गार्डियन’ पढ़ रहा था। इसमें बताया कि पाकिस्तान के अंदर चुन-चुनकर 20 दुर्दांत आतंकवादी मारे गये। पाकिस्तान इसका शक भारत पर जता रहा है। इसका आशय जिस पाकिस्तान में मुंबई विस्फोट के अपराधी और आतंकवादी छिपे हों, उस पाकिस्तान में भी अब आतंकवादी सुरक्षित नहीं हैं। यह बात दुनिया ने भी स्वीकार कर ली है। भारत की लड़ाई में दुनिया साथ खड़ी है। उन्होंने कहा, “ देश के अंदर आतंकवादी गिरोह अब दुस्साहस भी नहीं कर सकता है। स्थानीय स्तर पर यदि पटाखा भी फूट जाये तो पाकिस्तान पहले ही सफाई देता है कि हमारा हाथ नहीं है, जबकि पहले वह सीना तानकर बोलता था। अब उसे पता है कि मोदी जी की सरकार पाकिस्तान में घुसकर काम तमाम कर देगी। भारत में आतंकवाद की सबसे बड़ी जड़ कश्मीर से अनुच्छेद 370 समाप्त हो गयी। जो काम 1952 से 2014 तक नहीं हुआ, वह मोदी जी ने एक झटके में कर दिया। मोदी जी ने तीन तलाक की कुप्रथा पर रोक लगा दी। बाबा साहेब के पंच तीर्थ का निर्माण भी करा दिया। ” श्री योगी ने कहा कि गरीब कल्याण योजनाओं का भारत में कोई सानी नहीं है। पहले चार करोड़ गरीबों को आवास, फिर अयोध्या में रामलला को राममंदिर के रूप में भव्य आवास दिया। रामदास जी ने लॉजिस्टिक का बेहतरीन हब बनाया है। यह काम भी मोदी जी के नेतृत्व में बेहतरीन ढंग से किया गया है। इससे हजारों लोगों को नौकरी और सिटी को पहचान मिलेगी। राष्ट्र की आवाज से महाराष्ट्र की आवाज को जुड़ जाना चाहिये। 400 पार के लिये महाराष्ट्र की सभी सीटों पर भाजपा, शिवसेना एवं एनसीपी गठबंधन के प्रत्याशियों को जीतना होगा। उन्होंने कहा कि तीन तलाक समाप्त हो, यह सपना बाला साहेब ठाकरे जी का भी था। छत्रपति महराज का हिंदवी स्वराज आज देखने को मिल रहा है। उनका सपना था कि भारत का अपना शासन और आराध्य देवों का सम्मान होगा। भारत की बेटियों को सुरक्षा और देश को समृद्धि की नयी ऊंचाई तक पहुंचाने का कार्य होगा। मोदी जी उसी भाव के साथ कार्य कर रहे हैं। मोदी जी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन और भाजपा सरकार भारत को ग्लोबल पावर के रूप में स्थापित करना चाहती है। योगी आदित्यनाथ ने कहा, “ विपक्ष के पास नेता, नीति और नीयत भी नहीं है। 2017 में मुझे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का दायित्व दे दिया गया। पच्चीस करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश में कर्फ्यू पर अब ताला लगा दिया गया, जबकि भाजपा सरकार आने के पहले वहां भी दंगा और कर्फ्यू लगता था। यहां पालघर में तीन संतों की हत्या कर दी गयी, उत्तर प्रदेश में कोई ऐसा किया, तो उसे उल्टा टांग देंगे। उत्तर प्रदेश में कर्फ्यू नहीं, शिवभक्तों की कांवड़ यात्रा निकलती है। कुंभ में करोड़ों लोग भाग लेते हैं और अयोध्या धाम में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु दर्शन करने आ रहे हैं, फिर भी वहां सब कुछ शांति से चल रहा है। ”

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours