लग्जरी कारों से नेशनल हाइवे जाम करने वाले रईसजादों की गाड़ियां जब्त, पुलिस ने 7 युवकों को किया गिरफ्तार

Estimated read time 1 min read

बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-130 को जाम करने के मामले में हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है. पुलिस ने वेदांत शर्मा और उसके साथियों को गिरफ्तार किया है. साथ ही लग्जरी कारों के जब्ती की कार्रवाई भी की गई है. हाईकोर्ट में सोमवार को चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा और जस्टिस बीडी गुरू की डिवीजन बेंच में मामले की सुनवाई की थी. कोर्ट ने पूछा था कि लक्जरी कारों की जब्ती क्यों नहीं बनाई गई. साथ ही इस मामले में शपथपत्र के साथ सरकार को जवाब देने कहा था. बता दें कि नई कार खरीदकर लड़कों ने रील्स बनाने के लिए नेशनल हाईवे को जाम कर दिया था, जिसका ड्रोन से वीडियो शूट कर नई कार खरीदने का जश्न भी मनाया. इससे लोग परेशान होते रहे. पुलिस ने रईसजादों पर FIR करने की बजाय सिर्फ जुर्माने की कार्रवाई की गई थी. पुलिस की चालानी कार्रवाई के अनुसार रसूखदारों में वेदांश शर्मा, सिद्धार्थ शर्मा, यशवंत, दुर्गेश ठाकुर, विपिन वर्मा, अभिनव पांडेय शामिल हैं. एडिशनल एसपी ट्रैफिक राम गोपाल करियारे ने बताया था कि रतनपुर रोड में एक के बाद एक 6 कार को खतरनाक ढंग से लहराते हुए कट मारकर गाड़ी चलाते हुए देखा गया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ. एसएसपी रजनेश सिंह ने तुरंत इस मामले पर संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए. रतनपुर रोड पर तैनात प्रभारी एएसआई केके मरकाम और स्टाफ ने सभी गाड़ियों को रोक कर 2000-2000 की चालानी कार्रवाई की, लेकिन एडिशनल एसपी ने उस वक्त इन 6 लड़कों के न तो नाम बताए और न ही जिन गाड़ियों का चालान काटा गया उनकी गाड़ी के नंबर बताए थे.

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours