रेल यात्री कृपया ध्यान दें… अंबिकापुर–दुर्ग एक्सप्रेस अब रायपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म-1 से होगी रवाना, यात्रियों को मिलेगी राहत

Estimated read time 1 min read

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण और राहत भरी व्यवस्था लागू की गई है। अब गाड़ी संख्या 18242 अंबिकापुर–दुर्ग एक्सप्रेस रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 से प्रस्थान करेगी। यह नई व्यवस्था दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन द्वारा लागू कर दी गई है, जिससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने की परेशानी से निजात मिलेगी। बताया जा रहा है कि लंबे समय से रायपुर के यात्रियों द्वारा यह मांग की जा रही थी कि इस ट्रेन को प्लेटफॉर्म-1 से संचालित किया जाए, ताकि स्टेशन परिसर में अनावश्यक आवागमन और भीड़भाड़ से बचा जा सके। यात्रियों की इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए राज्य के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के कार्यालय की ओर से मंडल रेल प्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर को पत्राचार किया गया था। पत्र में यात्रियों को हो रही व्यावहारिक कठिनाइयों का विस्तृत उल्लेख करते हुए शीघ्र समाधान का आग्रह किया गया था। मंडल रेल प्रबंधक द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित निर्णय लिया गया और अंबिकापुर–दुर्ग एक्सप्रेस को प्लेटफॉर्म संख्या 1 से संचालित करने के निर्देश जारी किए गए। इसके बाद रेलवे प्रशासन ने आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर इस सुविधा को अमल में ला दिया है। इस निर्णय से अंबिकापुर, दुर्ग सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। विशेषकर बुजुर्ग यात्रियों, महिलाओं, बच्चों और भारी सामान के साथ यात्रा करने वालों के लिए यह व्यवस्था काफी सहायक सिद्ध होगी। प्लेटफॉर्म बदलने की झंझट समाप्त होने से समय की बचत के साथ-साथ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा दोनों सुनिश्चित होगी। इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक एवं संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यात्रियों की सुविधा सरकार की प्राथमिकता है और भविष्य में भी जनहित से जुड़े ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने इस नई व्यवस्था के लिए समस्त रेल यात्रियों को बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours